Ayodhya Ram Mandir Donation Theft : चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपी कोर्ट में पेश, पहले कराया गया मेडिकल
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय, फैजाबाद में पेश किया गया। कोर्ट ले जाने से पहले सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय, फैजाबाद में पेश किया गया। पेशी से पहले सभी आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
आरोपियों को एसओजी प्रभारी अपनी टीम के साथ न्यायालय लेकर पहुंचे। उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) और सिविल जज (जूनियर डिवीजन) निवेदिता सिंह की अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी स्वयं पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। अब मामले में अदालत की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खबर अपडेट हो रही है...
