4G फोन में मिल सकती है 5G स्पीड? जानिए क्या पुराने स्मार्टफोन को 5G में अपग्रेड करना संभव है
4G to 5G Upgrade: भारत में BSNL को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां 5G सेवा उपलब्ध करा रही हैं। देश के कई शहरों और क्षेत्रों में यूजर्स हाई-स्पीड 5G नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, इस सुविधा का लाभ केवल 5G सपोर्ट वाले स्मार्टफोन पर ही मिलता है। जिन लोगों के पास 4G फोन है, वे 5G नेटवर्क वाले क्षेत्र में होने के बावजूद 5G स्पीड का अनुभव नहीं कर सकते। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या 4G फोन को अपग्रेड करके 5G बनाया जा सकता है? आइए जानते हैं इसका जवाब।
क्या 4G फोन को 5G में बदला जा सकता है?
तकनीकी रूप से देखा जाए तो 4G फोन के कई हार्डवेयर पार्ट्स बदलकर उसे 5G के अनुरूप बनाने की कल्पना की जा सकती है, लेकिन वास्तविकता में ऐसा संभव नहीं है। स्मार्टफोन मॉड्यूलर डिवाइस नहीं होते, इसलिए उनके प्रमुख हार्डवेयर को बदलकर 5G सपोर्ट जोड़ना व्यावहारिक नहीं है।
यही वजह है कि किसी भी 4G स्मार्टफोन को 5G फोन में कन्वर्ट नहीं किया जा सकता। यदि आप 5G नेटवर्क की हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा का लाभ लेना चाहते हैं, तो इसके लिए 5G सपोर्ट वाला नया स्मार्टफोन ही एकमात्र विकल्प है।
4G फोन में 5G स्पीड क्यों नहीं मिलती?
5G नेटवर्क पर काम करने के लिए स्मार्टफोन में 5G मॉडम, 5G सपोर्टेड एंटीना और अन्य विशेष हार्डवेयर का होना जरूरी होता है। ये सभी कंपोनेंट्स सामान्य 4G फोन में मौजूद नहीं होते।
इसके अलावा, 5G नेटवर्क अलग फ्रीक्वेंसी बैंड पर संचालित होता है। 4G फोन में इस फ्रीक्वेंसी को पहचानने और प्रोसेस करने के लिए आवश्यक हार्डवेयर नहीं होता, इसलिए वह 5G डेटा सिग्नल को रिसीव नहीं कर पाता।
यही कारण है कि केवल 5G रिचार्ज प्लान कराने से 4G फोन में 5G स्पीड नहीं मिल सकती। इसके लिए 5G सपोर्ट वाला डिवाइस होना अनिवार्य है।
फिर 5G नेटवर्क वाले क्षेत्र में 4G फोन कैसे काम करता है?
कई लोगों के मन में यह सवाल आता है कि जब क्षेत्र में 5G नेटवर्क मौजूद है, तब भी 4G फोन सामान्य रूप से कैसे चलता है। इसका कारण यह है कि फिलहाल टेलीकॉम कंपनियां 4G और 5G दोनों नेटवर्क बैंड का एक साथ इस्तेमाल कर रही हैं। ऐसे में 4G फोन उपलब्ध 4G नेटवर्क से कनेक्ट होकर अपनी सेवाएं जारी रखता है।
हालांकि, यदि नेटवर्क पूरी तरह एक्सक्लूसिव 5G हो, तो 4G फोन उस नेटवर्क पर काम नहीं कर पाएगा।
4G और 5G नेटवर्क में क्या है अंतर?
- 4G और 5G तकनीक के बीच सबसे बड़ा अंतर स्पीड, लेटेंसी और नेटवर्क क्षमता का है।
- 5G नेटवर्क पर 4G की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक इंटरनेट स्पीड मिलती है।
- 4G नेटवर्क में लेटेंसी लगभग 50 से 100 मिलीसेकंड (ms) होती है, जबकि 5G में यह घटकर करीब 1 मिलीसेकंड (ms) रह जाती है।
- नेटवर्क क्षमता के मामले में भी 5G अधिक सक्षम है और एक साथ 4G की तुलना में ज्यादा स्मार्ट डिवाइस को सपोर्ट कर सकता है।
यह भी पढ़ेंः BSNL JTO Recruitment 2026: बीएसएनएल में जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के पदों पर बंपर भर्ती, फ्रेशर्स को भी मिलेगा मौका
