अगस्त में भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज पर संकट! रद्द हो सकती है पूरी सीरीज, सामने आई बड़ी वजह
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम जब भी किसी विदेशी दौरे पर जाती है, तो मेजबान क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक और व्यावसायिक स्तर पर बड़ा लाभ मिलता है। लेकिन इस बार भारत के श्रीलंका दौरे से जुड़ी एक अहम टी20 सीरीज पर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगस्त में प्रस्तावित भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज रद्द होने की आशंका जताई जा रही है।
अगस्त में होना है श्रीलंका दौरा
भारतीय टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां उसे पहले दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज प्रस्तावित है। हालांकि ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार इस टी20 सीरीज के आयोजन की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच लंबी चर्चा भी हुई, लेकिन फिलहाल कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं।
व्यस्त शेड्यूल भी बना अहम कारण
टीम इंडिया का आगामी कार्यक्रम काफी व्यस्त है। जुलाई में भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके तुरंत बाद श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों में हिस्सा लेगी, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। ऐसे में टी20 सीरीज के आयोजन को लेकर मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
राहत कार्य के लिए होना था सीरीज का आयोजन
रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले साल श्रीलंका में आए भीषण दितवाह तूफान से भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने योजना बनाई थी कि भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज से होने वाली आय को प्रभावित लोगों की सहायता के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि अब सामने आ रही ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक इस टी20 सीरीज का आयोजन होना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः श्रेयस अय्यर बनेंगे भारत के 15वें T20I कप्तान, जानिए उनसे पहले किन-किन खिलाड़ियों ने संभाली टीम इंडिया की कमान
