श्रेयस अय्यर बनेंगे भारत के 15वें T20I कप्तान, जानिए उनसे पहले किन-किन खिलाड़ियों ने संभाली टीम इंडिया की कमान
लखनऊः श्रेयस अय्यर अब भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने जा रहे हैं। साल 2026 की शुरुआत में भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। हालांकि इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए न सिर्फ सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया। अब 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में श्रेयस अय्यर कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे। इसके साथ ही वह भारत के 15वें टी20 इंटरनेशनल कप्तान बन जाएंगे।
वीरेंद्र सहवाग थे भारत के पहले T20I कप्तान
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के पहले कप्तान वीरेंद्र सहवाग थे। उन्होंने केवल एक मैच में टीम की कप्तानी की और उस मुकाबले में जीत भी दर्ज की। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की कमान संभाली और लंबे समय तक कप्तान रहे।
धोनी ने अपने कप्तानी करियर में 70 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिनमें 42 मुकाबलों में टीम को जीत मिली। इस दौरान सुरेश रैना ने तीन मैचों में कप्तानी की और तीनों में जीत दर्ज की। वहीं अजिंक्य रहाणे ने दो मैचों में कप्तानी करते हुए एक मुकाबला जीता।
विराट कोहली के दौर में भी कई खिलाड़ियों को मिला कप्तानी का मौका
महेंद्र सिंह धोनी के बाद विराट कोहली भारतीय टी20 टीम के नियमित कप्तान बने। उन्होंने 48 मैचों में कप्तानी की और 32 मुकाबलों में जीत हासिल की।
कोहली के कार्यकाल के दौरान भी कई खिलाड़ियों को कप्तानी का मौका मिला। शिखर धवन ने तीन मैचों में टीम की कमान संभाली और एक मैच जीता। ऋषभ पंत ने चार मुकाबलों में कप्तानी करते हुए दो जीत दर्ज की। केएल राहुल ने एक मैच में कप्तानी की और जीत हासिल की। वहीं जसप्रीत बुमराह और रुतुराज गायकवाड़ ने दो-दो मैचों में कप्तानी करते हुए दोनों मुकाबले अपने नाम किए।
रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने भी लंबे समय तक भारतीय टी20 टीम की कप्तानी की। उन्होंने 62 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया, जिनमें 50 मैचों में जीत मिली। हार्दिक पांड्या ने 16 मैचों में कप्तानी करते हुए 10 मुकाबले जीते। शुभमन गिल ने पांच मैचों में कप्तानी की और चार मैचों में जीत दर्ज की।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपी गई। उन्होंने 50 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत की कप्तानी करते हुए 42 मुकाबलों में जीत दिलाई। उनकी अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब भी अपने नाम किया।
भारत के T20I कप्तानों की सूची
| खिलाड़ी | मैच | जीत |
| वीरेंद्र सहवाग | 1 | 1 |
| एमएस धोनी | 70 | 42 |
| सुरेश रैना | 3 | 3 |
| अजिंक्य रहाणे | 2 | 1 |
| विराट कोहली | 48 | 32 |
| रोहित शर्मा | 62 | 50 |
| शिखर धवन | 3 | 1 |
| ऋषभ पंत | 4 | 2 |
| हार्दिक पांड्या | 16 | 10 |
| केएल राहुल | 1 | 1 |
| जसप्रीत बुमराह | 2 | 2 |
| रुतुराज गायकवाड़ | 2 | 2 |
| सूर्यकुमार यादव | 50 | 42 |
| शुभमन गिल | 5 | 4 |
अब श्रेयस अय्यर इस सूची में नया नाम जोड़ेंगे। आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वह भारत के 15वें टी20 इंटरनेशनल कप्तान बन जाएंगे। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि कप्तान के तौर पर उनका प्रदर्शन कैसा रहता है और वह कितने समय तक टीम इंडिया की कमान संभालते हैं।
