Bareilly News : सेंट्रल जेल से फरार 25 हजार के इनामी कैदी को लगी पुलिस की गोली, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

22 जून को सेंट्रल जेल के कृषि फार्म से चकमा देकर फरार हुआ था उम्रकैद का सजायाफ्ता कैदी।

बरेली, अमृत विचार। बरेली सेंट्रल जेल से पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी कैदी का सफर आखिरकार पुलिस की गोली के साथ खत्म हो गया। इज्जतनगर थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद इस शातिर कैदी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कैदी की पहचान दिनेश (23 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अमरोहा जनपद के डिडौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नन्हेड़ा राजपूत का रहने वाला है। दिनेश को वर्ष 2020 के एक संगीन मामले में धारा 377, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत दोषी करार दिया गया था, जिसके बाद से वह आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा काट रहा था।

अप्रैल में आया था बरेली, 22 जून को हुआ था फरार
कैदी दिनेश को इसी साल अप्रैल 2026 में बिजनौर जेल से बरेली की सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया था। बीती 22 जून को जब उसे जेल के कृषि फार्म में काम करने के लिए ले जाया गया, तो वह मौका पाकर वहां से पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हो गया। इस दुस्साहसिक फरारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।

ऐसे हुआ एनकाउंटर
इज्जतनगर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि फरार इनामी कैदी नैनीताल हाईवे स्थित रेलवे के पास एक खंडहरनुमा मकान में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी दिनेश ने खुद को घिरता हुआ पाया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी दिनेश के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया।

तमंचा और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार