Bareilly : मोहर्रम पर हाई अलर्ट, 966 जुलूसों की ड्रोन से होगी निगरानी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

एसएसपी अनुराग आर्य बोले- चप्पे-चप्पे पर है पुलिस की नजर

बरेली, अमृत विचार। मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले में मोहर्रम के दौरान कुल 966 जुलूस निकाले जाएंगे, जिनमें सबसे अधिक जुलूस 25 और 26 जून को निकलेंगे। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन, 360 डिग्री कैमरों और डिजिटल वालंटियर्स के जरिए निगरानी रखी जाएगी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डिजिटल वालंटियर्स की टीम लगातार सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग कर रही है। पुलिस प्रशासन ने ताजियेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 12 फीट से अधिक ऊंचाई का कोई भी ताजिया तैयार नहीं किया जाएगा। यह निर्णय बिजली के तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। इस संबंध में थाना, चौकी, सर्किल और जिला स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्यूआरटी टीमों के साथ पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। अति संवेदनशील इलाकों में 360 डिग्री कैमरों से लैस पीआरवी वाहनों को लगाया गया है। इसके साथ ही एलआईयू को भी सक्रिय किया गया है। एलआईयू की टीम जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर अपनी नजर बनाए हुई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने को देने की अपील की गई है।

संबंधित समाचार