Lucknow News : लखनऊ के आशियाना में खुलेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क, जुरासिक पार्क की तरह दिखेंगे ड्रैगन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत के इंटरैक्टिव रोबोटिक मॉडल करेंगे रोंमांचित

लखनऊ, अमृत विचार : आशियाना का वनस्थली पार्क जल्द मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क के रूप में सामने आएगा। जुरासिक पार्क की तरह ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत आदि के इंटरैक्टिव रोबोटिक मॉडल देखने को मिलेंगे। साथ ही सुप्रसिद्ध इंडियन फेयरी टेल ‘पंचतंत्र’ की कहानी व किरदार लोगों को लुभाएंगे। शुक्रवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का निरीक्षण करके सितम्बर 2026 तक पार्क तैयार करने के निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने बताया कि आशियाना के सेक्टर-के में स्थित वनस्थली पार्क में थीम आधारित विकास कार्य कराया जा रहा है। यहां पीपीपी मोड पर लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क विकसित कर रहे हैं। इसमें निष्प्रयोज्य सामग्री के इस्तेमाल से मरमेड, फीनिक्स, जिनी, ग्रिफिन, वेयर वूल्फ, मोगली आदि के 12 लाइव मॉडल व स्कल्पचर्स स्थापित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा यहां ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत आदि के 10 रोबोटिक मॉडल होंगे। पार्क में काफी बड़ी वॉटर बॉडी बन रही है। इसमें आकर्षक फाउंटेन स्थापित होगा। साथ ही वॉच टॉवर और ट्ायलेट ब्लॉक बनेंगे। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत कुमार शर्मा, उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह रहे।

एक माह में एसटीपी तैयार करके संचालित करने के निर्देश

उपाध्यक्ष ने ज्योतिबा फुले जोनल पार्क का भी निरीक्षण किया। लगभग चार करोड़ से कराये जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य अंतिम चरण पर मिले। पार्क में मेसर्स एएमटी बिल्डर्स द्वारा बनाई जा रही एसटीपी एक माह के अंदर तैयार करके टेस्टिंग के साथ संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गौतम बुद्ध शांति उपवन पार्ट-1, 2 एवं 3 का निरीक्षण करके उपयुक्त स्थानों पर ओपन जिम व झूले लगाने के निर्देश दिये।

30 जून तक सिंचाई कार्य पूर्ण न होने पर ठेकेदार को चेतावनी

एलडीए द्वारा शहीद पथ पर सिंचाई एवं हॉर्टीकल्चर का कार्य कराया जा रहा है। इसमें अंडरग्राउंड पाइप लाइन, ड्रिप लाइन, पॉप-अप स्प्रिंकलर व 12 स्थानों पर बोरिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। उपाध्यक्ष ने स्थल निरीक्षण करके कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निर्देश दिये कि 30 जून तक सिंचाई व 30 जुलाई तक हॉर्टीकल्चर के सभी कार्य पूर्ण करें। ठेकेदार को चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्य पूर्ण नहीं हुए तो कार्रवाई करेंगे।

संबंधित समाचार