राम मंदिर भूमि खरीद पर संजय सिंह के गंभीर आरोप, बोले- 9 करोड़ की जमीन 55 करोड़ में खरीदी गई

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और उससे जुड़े लोगों पर भूमि खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मंदिर परिसर के आसपास कई जमीनें बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदी गईं। साथ ही, राम मंदिर दान में गड़बड़ी मामले में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।

55 करोड़ में खरीदी जमीन पर सवाल

संजय सिंह ने दावा किया कि 16 नवंबर 2023 को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या के शहनवाजपुर क्षेत्र में 117 बिस्वा जमीन 55.47 करोड़ रुपये में खरीदी, जबकि उसकी वास्तविक कीमत करीब नौ करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि यह जमीन आलोक बंसल, मनीष बंसल और शिवानी बंसल से खरीदी गई और इससे जुड़े दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।

मुआवजा और खरीद मूल्य में अंतर का दावा

आप सांसद का आरोप है कि मांझा बरेठा क्षेत्र में सरकार ने तीन हजार से अधिक किसानों की जमीन अधिग्रहित कर करीब 4.40 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से मुआवजा दिया, जबकि ट्रस्ट ने दूसरी जमीन के लिए लगभग 47 लाख रुपये प्रति बिस्वा की दर से भुगतान किया। उन्होंने कहा कि एक ही क्षेत्र की जमीनों के मूल्य में इतना बड़ा अंतर कई सवाल खड़े करता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

संजय सिंह ने कहा कि वह एसआईटी अधिकारियों से समय मांगकर सभी दस्तावेज सौंपेंगे। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच ट्रस्ट से जुड़े भूमि खरीद मामलों और सरकार द्वारा नामित सदस्यों की भूमिका की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध तरीके से कराई जाए।

मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के "साक्ष्य होने पर एसआईटी को देने" संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि उनके पास दस्तावेज मौजूद हैं और वे जांच एजेंसियों को सौंपेंगे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।

अभी नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया

संजय सिंह के आरोपों पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, भारतीय जनता पार्टी या संबंधित सरकारी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें:- Ayodhya News: CM योगी ने आस्था-विश्वास की धारा में SIT जांच पर बढ़ाया भरोसा, कहा- कोई आरोपी बख्शा नहीं जाएगा

संबंधित समाचार