Lucknow News: सुशांत गोल्फ सिटी में जन्नत बार के बाहर हवाई फायरिंग, बाउंसरों से विवाद के बाद आरोपी फरार
राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर हवाई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्रवार/शनिवार की रात करीब 12:26 बजे मिलेनियम सिटी के निकट यह वारदात हुई।
गोसाईगंज/लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर हवाई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्रवार/शनिवार की रात करीब 12:26 बजे मिलेनियम सिटी के निकट यह वारदात हुई।
पुलिस के मुताबिक, सौरभ सिंह चौहान (निवासी सुशांडी, थाना मोहनलालगंज) अपने साथियों सुधांशु यादव, अमन यादव (दोनों निवासी काशिमखेड़ा, थाना बिजनौर) और विनायक यादव (निवासी मीरानपुर पिनवट, थाना सरोजनीनगर) के साथ दो कारों से जन्मदिन पार्टी मनाने बार पहुंचा था। बार में कंसोल पर चढ़कर डांस करने का प्रयास करने पर बाउंसरों ने रोका, जिसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर बाउंसरों ने उन्हें बाहर जाने को कहा।
स्कॉर्पियो से असलहा निकालकर हवाई फायरिंग
बाहर निकलते समय सौरभ सिंह चौहान ने अपनी काली स्कॉर्पियो से असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। आसपास गश्त पर तैनात पॉलीगान कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई की और तीन साथियों को हिरासत में ले लिया। फायरिंग में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ बाउंसरों को मामूली चोटें आई हैं।
थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। पूछताछ में तीनों साथियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
