Bareilly News: सहभोज के सहारे चुनावी रणनीति, भाजपा को युवा वोटों की बारिश की आस
बरेली महानगर में घर-घर टीमें भेजकर युवा वोटर बनवाने की कवायद, बंगाल की तरह यूपी विजय को झोंकी ताकत
विधानसभा 2027 की चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा इस समय सब काम छोड़कर ‘मिशन यंगस्टर’ पर जुटी नजर आ रही है। शक्ति केन्द्र, बूथ और मंडल की टोलियां घर-घर जाकर मत पड़ताल कर रही हैं और 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नौजवानों को वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए अपने हाथ से जरूरी होमवर्क पूरा कर रही हैं।
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा 2027 की चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा इस समय सब काम छोड़कर ‘मिशन यंगस्टर’ पर जुटी नजर आ रही है। शक्ति केन्द्र, बूथ और मंडल की टोलियां घर-घर जाकर मत पड़ताल कर रही हैं और 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नौजवानों को वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए अपने हाथ से जरूरी होमवर्क पूरा कर रही हैं। भगवा कैंप का दावा है कि पश्चिमी बंगाल में यही रणनीति प्रचंड विजय के रूप में सामने आ चुकी है। अब यूपी में होने वाले चुनावों में बूथों पर झमझाम वोट बारिश होती दिखाई देगी।
840 बूथों के लिए बने 135 शक्ति केंद्र
महानगर में चल रहे भाजपाई अभियान की पड़ताल में मोहल्ले-मोहल्ले पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियेां की सक्रियता नजर आई है। रामपुर गार्डन, सिविल लाइंस, मॉडल टाउन, राजेन्द्र नगर जैसे पॉश एरिया हों या फिर सीबीगंज, हजियापुर, सुभाषनगर-मढ़ीनाथ और हरूनगला जैसे अपेक्षाकृत कम विकसित इलाके, भाजपा का फोकस हर जगह बराबर दिखाई दे रही है। महानगर के कुल 840 बूथों पर पकड़ मजबूत बनाने को भाजपा ने बरेली शहर में 135 शक्ति केन्द्र बना रखे हैं, जिनमें 74 शहर और 61 कैंट विधानसभा में है। पार्टी महानगर को सांगठनिक रूप से 9 मंडल में बांटकर अपनी रणनीतिकम काम पूरी करने में जुटी है।
जमीन पर दिखेगा संगठन की मेहनत का असर
मिशन 2027 को ध्यान में रखकर महानगर टीम के पदाधिकारी इस समय पूरी ताकत से वोट अभियान में जुटे हैं। बताया गया है कि शक्ति केन्द्र, मंडल और बूथ स्तर पर लगातार सहभोज कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम चलाई जा रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि भाजपा की लगातार जीत से बौखलाए दूसरे दल भले किसी भी तरह के आरोप लगाते हों मगर पार्टी संगठन की जमीनी स्तर पर दिन-रात मेहनत आगे भी अपना असर दिखाएगी। आगे कोई भी चुनाव होगा, युवा शक्ति बूथों पर वोट बारिश करेगी।
बांके बिहारी मंडल में बनाई भविष्य की रणनीति
शनिवार को भाजपा के बांके बिहारी मंडल में आयोजित सहभोज कार्यक्रम में अध्यक्ष अधीर सक्सेना, वरिष्ठ नेता गुलशन आनंद के साथ सभी प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे। सामूहिक खाने के कार्यक्रम में उपस्थिति नेताओं ने भविष्य के चुनाव को ध्यान में रखकर विशेष मंत्रणा की और अहम रणनीति तैयार की। सहभोज कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं में अलग ही जोश नजर आया।
जानिए क्या बोले भाजपा नेता
भाजपा महानगर अध्यक्ष बरेली अधीर सक्सेना एसआईआर में महानगरीय क्षेत्र से शिफ्ट हु, मृत या गलत वोट सूचियों से हट गए थे। अब 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के जितने ज्यादा वोट बनेंगे, भाजपा उतनी ही मजबूत होगी। महानगर की पूरी टीम युवा अभियान में जुटी है और टीमें घर-घर जाकर युवाओं के वोट बनवाने के लिए परिवारों में फार्म भरवा रही हैं। बगैर किसी शोर-शराबे के हमारी पूरी टीम आगे की तैयारी में जुटी है।
