1950 में फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफाई करने के बाद भी क्यों नहीं खेल पाया भारत ? जानें इस ऐतिहासिक भूल का असली सच
नई दिल्ली: पूरी दुनिया में इस समय फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 11 जून से शुरू हुए इस महाकुंभ में पहली बार रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। करोड़ों भारतीय फुटबॉल फैंस एक बार फिर इस बात से निराश हैं कि उनकी टीम इस ग्लोबल टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है। नई रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम फीफा (FIFA) रैंकिंग में 139वें स्थान पर है।
लेकिन, क्या आप जानते हैं कि भारतीय फुटबॉल के इतिहास में एक ऐसा दौर भी आया था जब टीम इंडिया ने फीफा वर्ल्ड कप के लिए ऑफिशियली क्वालीफाई कर लिया था? उससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि टिकट पक्का होने के बाद भी भारतीय टीम ब्राजील के मैदान पर मैच खेलने नहीं उतरी। आइए आपको बताते हैं कि आखिर उस समय ऐसा क्या हुआ था जिसने भारतीय फुटबॉल की तकदीर हमेशा के लिए बदलकर रख दी।
4.png)
बिना एक भी मैच खेले कैसे मिला था वर्ल्ड कप का टिकट?
यह दिलचस्प किस्सा साल 1950 में ब्राजील में हुए फीफा वर्ल्ड कप का है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की उस दुनिया में आज की तरह मुश्किल और लंबी क्वालीफिकेशन प्रक्रिया नहीं होती थी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल का ढांचा 1950 में शुरुआती चरण में था।
भारत को जिस क्वालीफाइंग ग्रुप में जगह मिली थी, उसमें उसके साथ बर्मा (अब म्यांमार), इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसी टीमें शामिल थीं। लेकिन आर्थिक तंगी और लंबी यात्रा की दिक्कतों की वजह से इन तीनों देशों ने अपने नाम वापस ले लिए। नतीजा यह हुआ कि भारतीय टीम बिना एक भी मैच खेले सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर गई। इतिहास में यह इकलौता मौका था जब भारत का नाम फीफा वर्ल्ड कप की लिस्ट में शामिल हुआ था।
Myth vs. Reality: क्या सच में जूतों की कमी थी वजह?
आपको बता दें की सालों से यह कहानी हवा में तैरती रही है कि फीफा ने भारतीय खिलाड़ियों को इसलिए खेलने से रोक दिया क्योंकि वे बिना जूतों के यानी नंगे पैर खेलना चाहते थे। इस अफवाह को हवा मिलने की एक वजह यह भी थी कि 1948 के लंदन ओलंपिक में भारतीय टीम ने फ्रांस के खिलाफ नंगे पैर ही फुटबॉल खेली थी और दुनिया को अपनी कलाबाजी से दीवाना बना दिया था।
लेकिन असलियत कुछ और ही है। दरअसल, 1950 के फीफा नियमों में कहीं भी यह नहीं लिखा था कि बिना बूट्स यानी की जूतों के खेलना बैन है। इसका सबसे बड़ा सबूत यह है कि भारत ने इसके बाद 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक में भी बिना किसी रोक-टोक के नंगे पैर मैच खेले थे। यानी जूतों वाली कहानी महज एक अफवाह थी।
4.png)
AIFF की वो बड़ी भूल जिसने छीन लिया सुनहरा मौका
असल में, उस दौर में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) और खेल अधिकारियों की सोच आज से काफी अलग थी। कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि AIFF ने उस समय वर्ल्ड कप से कहीं ज्यादा अहमियत ओलंपिक खेलों की थी। यहां तक की देश के पास संसाधन सीमित थे और बजट भी कम था, इसलिए महासंघ ने ब्राजील जाकर वर्ल्ड कप खेलने के बजाय 1952 के ओलंपिक की तैयारी पर पूरा ध्यान लगाने का फैसला किया।
4.png)
AIFF की सुस्ती भी बनी परेशानी
बाद में सामने आईं कुछ रिपोर्ट्स से खुलासा हुआ कि फीफा खुद भारत की यात्रा और रहने का खर्च उठाने के लिए तैयार था। यहाँ तक कि भारत के कुछ राज्यों के फुटबॉल संघ भी मदद को आगे आए थे, लेकिन AIFF ने फैसले लेने में इतनी सुस्ती दिखाई कि मौका हाथ से निकल गया।
इसके अलावा एक तकनीकी कारण यह भी था कि उस समय भारत में घरेलू मैच 90 मिनट के बजाय सिर्फ 70 मिनट के होते थे। अधिकारियों को डर था कि भारतीय खिलाड़ी यूरोप और दक्षिण अमेरिका की दिग्गज टीमों के सामने पूरे 90 मिनट तक शारीरिक रूप से नहीं टिक पाएंगे।
4.png)
आखिरी वक्त पर पीछे हटे कदम और 7 दशक का इंतजार
तमाम कशमकश के बाद, वर्ल्ड कप शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले भारत ने फीफा को टूर्नामेंट से हटने की आधिकारिक जानकारी दे दी। इसके पीछे तैयारी का अभाव और कम्युनिकेशन गैप का बहाना बनाया गया।
इस एक फैसले ने भारतीय फुटबॉल के इतिहास का सबसे सुनहरा चैप्टर शुरू होने से पहले ही बंद कर दिया। आज इस घटना को बीते 76 साल हो चुके हैं, लेकिन भारतीय टीम दोबारा कभी वर्ल्ड कप के करीब भी नहीं पहुंच सकी। आज जब 2026 में 48 टीमें वर्ल्ड कप खेल रही हैं, तब 1950 की यह कहानी हर हिंदुस्तानी फुटबॉल प्रेमी को कचोटती है। फुटबॉल प्रेमियों के मन में अभी भी एक आस जगी हुई है कि शायद की 2026 न सही पर 2030 में भारत फीफा का हिस्सा बनेगी।
