Barabanki News : भोपाल में डिप्टी कमिश्नर पद पर तैनात आईपीएस के पिता से सवा दो करोड़ रुपये की ठगी
आईपीएस के पिता से जमीन बेचने के नाम पर सवा दो करोड़ की ठगी कर ली गई। आरोप यह भी कि दी गई रकम दुबई में निवेश करने के साथ ही आभूषण खरीदे गए। तहरीर पर पुलिस ने नामी बिल्डर रहे नीलू की पत्नी, बेटे, बहू समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया है।
बाराबंकी, अमृत विचार। आईपीएस के पिता से जमीन बेचने के नाम पर सवा दो करोड़ की ठगी कर ली गई। आरोप यह भी कि दी गई रकम दुबई में निवेश करने के साथ ही आभूषण खरीदे गए। तहरीर पर पुलिस ने नामी बिल्डर रहे नीलू की पत्नी, बेटे, बहू समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया है।
शहर में लखनऊ मार्ग पर स्थित मयूर विहार कॉलोनी निवासी व वर्तमान में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात आईपीएस आदर्शकांत शुक्ल के पिता राधाकांत शुक्ल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वर्ष 2024 तक उन्होंने करीब 2 करोड़ 27 लाख रुपये मयूर विहार कॉलोनी स्थित लगभग 13,150 वर्गफीट भूमि खरीदने के लिए विभिन्न किस्तों में दिए थे।
धनराशि लेने के बाद बेच दी किसी और को जमीन
आरोप है कि भूमि दिलाने का आश्वासन देकर नामी बिल्डर स्वर्गीय नरेन्द्र प्रताप सिंह की पत्नी भावना, बेटे, बहू व विवेक गुप्ता ने धनराशि प्राप्त कर ली, लेकिन बाद में उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेच दी। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी लंबे समय तक टालते रहे, लेकिन धनराशि वापस नहीं की गई।
आरोप है कि उनका पैसा दुबई में कारोबार में लगाया गया तथा कुछ धनराशि आभूषण खरीदने में खर्च की गई। अप्रैल माह में एक होटल में हुई बैठक में भी 15 दिनों के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। आरोपियों द्वारा दिए गए चेक बैंक खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गए। नगर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।
