Sultanpur News : मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले- वैश्विक संकट के बावजूद देश में ईंधन की किल्लत नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सुलतानपुर के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शनिवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर उत्पन्न संकटों के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया। सुलतानपुर जिले के दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया के कई देशों में ईंधन संकट गहराया है। उन्होंने कहा, "अमेरिका और ईरान की लड़ाई के बाद कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम काफी बढ़े हैं, जिससे वे वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देशवासियों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता में किसी प्रकार की किल्लत नहीं होने दी गई है।" 

गिरीश चंद्र यादव ने दावा किया कि जहां दुनिया के अनेक देश तेल संकट और महंगाई जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वहीं भारत में परिस्थितियां नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वैश्विक समस्याओं के प्रभाव को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सभी वैश्विक समस्याओं का समाधान किया गया है, ताकि देशवासियों को किसी प्रकार का संकट न उठाना पड़े।" 

प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार उन्हें प्रधानमंत्री चुनकर उन पर विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में एक नया इतिहास रचा है और उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में चौतरफा विकास हुआ है और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने में सफल रहा है।" 

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सीताराम वर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार