Bareilly News: डीएम के दरबार में 'काला जादू एपिसोड'...परेशान पति बोला, मेरी बीवी करती है तंत्र-मंत्र

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सीएमओ की अध्यक्षता में बनी जांच कमेटी सामने लाएगी सच

बरेली, अमृत विचार। वैसे तो ज्ञान-विज्ञान की कसौटी पर जादू-टोना और तंत्र-मंत्र का कोई चक्कर नहीं चलता है मगर कई बार ऐसे अजीबोगरीब मसले प्रशासन-पुलिस तक भी जा पहुंचते हैं। डीएम अविनाश सिंह के सामने भी बरेली में ऐसा ही अजीबोगरीब मामला पहुंचा गया। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई को आए एक शख्स ने आरोप लगाया है कि पत्नी उस पर कथित रूप से काला जादू कराती है और बहुत परेशानी करती है।डीएम ने मामले को सिरे से खारिज करने की जगह सच सामने लाने को सीएमओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है।

मानसिक पहलुओं पर भी होगी जांच
पुलिस और प्रशासनिक अफसर अंधविश्वास से जुड़े मामलों को सिरे से खारिज कर देते हैं मगर डीएम ने बेहद संवेदनशीलता से शिकायत लेकर पहुंचे शख्स की बात सुनकर जांच कराने का फैसला किया। उन्होंने जनसुनवाई में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए, जो पूरे मामले के सामाजिक, मानसिक और व्यवहारिक पहलुओं की गहराई पड़ताल करेगी। माना जा रहा है कि पति-पत्नी में कलह की वजह कुछ और हो सकती है, जिसे अंधविश्वास की वजह से टोना-जादू बताकर प्रचारित किया जा रहा है।

अंधविश्वास से जुड़े मसलों की सुनवाई को विशेष सेल गठित
कुरीतियां और अंधविश्वास से समाज को दूर रखने के लिए डीएम ने ऐसे संवेदनशील मसलों की सुनवाई को विशेष प्रकोष्ठ गठित करने के निर्देश भी दिए हैं। डीएम ने बताया कि प्रकोष्ठ में ऐसे मामलों को सुनने के साथ जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद से परीक्षण और परामर्श भी कराया जाएगा। जिलाधिकारी की इस पहल की हर कोई सराहना कर रहा है। अफसरों का कहना है कि अंधविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को बेहद गंभीरता से संभालना व प्रभावित लोगों को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। समाज को बुराई से दूर रखने में यह पहल खासा असर दिखाएगी।

संबंधित समाचार