Meerut News : महज 3600 रुपये के लिए कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मेरठ। राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी 17 वर्षीय अनुष्का पाल की कथित तौर पर 3600 रुपये के लेन-देन के विवाद में हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक फास्ट फूड विक्रेता को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब डेढ़ माह बाद नाले से शव बरामद किया है। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने सोमवार को बताया कि जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि अनुष्का की आखिरी गतिविधियां आरोपी श्याम धानक के साथ दर्ज हुई थीं। आरोपी मूल रूप से देहरादून का निवासी है और घटना के बाद चंडीगढ़ चला गया था। वहीं से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। 

पुलिस के अनुसार अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये पर रहकर पढ़ाई और कबड्डी का अभ्यास कर रही थी। उसके आवास के निकट आरोपी की फास्ट फूड की दुकान थी जहां उसका कुछ पैसा बकाया था। 15 अप्रैल की रात दोनों के बीच रुपये को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। 

बाद में शव को बोरे में भरकर रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गया। अनुष्का के परिजनों ने उसके लापता होने पर काफी तलाश की और 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के बाद आरोपी तक पहुंची और उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। 

शव लंबे समय तक नाले में पड़े रहने के कारण काफी हद तक कंकाल में बदल चुका था। दौराला क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी अनुष्का पाल राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी थीं। हाल ही में उसने एक प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि भी जीती थी। उनकी मृत्यु की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है। 

संबंधित समाचार