Prayagraj Crime News : प्रेम प्रसंग के विवाद में बुजुर्ग की नृशंस हत्या, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के यमुनानगर जोन अंतर्गत घूरपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। पुलिस के अनुसार करमा गांव निवासी तिलकधारी भारतीय (55) की रविवार देर रात करीब दो बजे घर में घुस कर हत्या कर दी गयी। सूचना मिलने पर घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य संकलित किए। मृतक की पुत्री शीतल भारतीय ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा का पुत्र गांव की एक युवती से प्रेम करता था। दोनों कुछ समय पूर्व घर छोड़कर चले गए थे और विवाह भी कर लिया था। इसी मामले को लेकर युवती पक्ष के लोगों द्वारा परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही थीं। 

परिजनों का आरोप है कि घटना की रात कुछ लोग घर पहुंचे और सो रहे तिलकधारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। परिजनों ने विशाल, आकाश, शक्तिमान, लक्ष्मण और श्याम बाबू सहित कई लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। 

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। 

संबंधित समाचार