Char Dham Yatra 2026 : अब तक 31 लाख तीर्थयात्री पहुंचे, अब तक 161 श्रद्धालुओं की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तराखंड राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की नई रिपोर्ट के अनुसार, 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 11,05,676 तीर्थयात्री आए हैं। इसके बाद बद्रीनाथ धाम में 23 अप्रैल से 9,08,619 तीर्थयात्री आए हैं। 

देहरादून। उत्तराखंड में अप्रैल में शुरू हुई चार धाम यात्रा के बाद से 31 लाख से अधिक तीर्थयात्री प्रदेश में आ चुके हैं जबकि इस दौरान 161 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की नई रिपोर्ट के अनुसार, 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 11,05,676 तीर्थयात्री आए हैं। इसके बाद बद्रीनाथ धाम में 23 अप्रैल से 9,08,619 तीर्थयात्री आए हैं। 

गंगोत्री मंदिर में पहुंचे 5,28,406 तीर्थयात्री

गंगोत्री मंदिर में 5,28,406 तीर्थयात्री, यमुनात्री मंदिर में 5,07,421 और श्री हेमकुंड साहिब में 55,411 तीर्थयात्री आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गौमुख मार्ग पर 4,697 तीर्थयात्री पहुंचे। इनकी संख्या गंगोत्री तीर्थयात्रियों में शामिल की गई। शनिवार को 61,262 तीर्थयात्री 5,511 वाहनों में सवार होकर तीर्थस्थलों पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि इस साल तीर्थयात्रा की शुरुआत से अब तक 2,89,918 वाहनों ने यात्रा मार्गों का उपयोग किया। 

अब तक 161 तीर्थयात्रियों की मौत

राज्य में 19 अप्रैल से अब तक 161 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 152 लोगों की मौत स्वास्थ्य समस्याओं और खराब स्वास्थ्य के कारण हुई, जबकि आठ तीर्थयात्रियों की मृत्यु अन्य कारणों से हुई और एक व्यक्ति की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई। तीर्थयात्रा के दौरान, यमुनोत्री में सबसे अधिक 78 श्रद्धालुओं की मौत हुई। इसके बाद केदारनाथ में 47, बद्रीनाथ में 20 और गंगोत्री में 16 लोगों की मौत हुई। 

स्वास्थ्य को लेकर धामी सरकार ने क्या इंतजाम किए?  

उत्तराकंड सरकार की तरफ से चारधाम यात्रा में 47 परमानेंट डेडीकेटेड हॉस्पिटल, इसके अलावा अस्थाई तौर पर 25 मेडिकल अस्पताल बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 57 स्क्रीनिंग केंद्र भी अलग-अलग जगह पर बनाए हैं जो देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में  हैं। केदारनाथ में 17 बेड और बद्रीनाथ धाम में 45 बेड का अस्पताल बनाया गया है। 25 स्पेशलिस्ट डॉक्टर, 178 मेडिकल ऑफिसर्स, 414 पैरामेडिकल स्टाफ को पदस्थ किया गया है। इसके अलावा फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक, एनएस्थेसिसटी और गाइनेकोलॉजिस्ट की भी तैनाती की गई है। 

संबंधित समाचार