Agricultural University: 10 मिनट पहले प्रवेश करें सुनिश्चित, कृषि विवि में स्नातक की परिक्षाएं शुरू, कुलपति ने किया निरीक्षण
कुमारगंज, अयोध्या, अमृत विचार: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय व कृषि महाविद्यालय के स्नातक की परिक्षाएं शुरू हो गई हैं। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह विवि परिसर स्थित कृषि महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कुलपति ने परीक्षा प्रश्नपत्र को देखा और परीक्षार्थियों एवं शिक्षकों से बातचीत भी की। कुलपति ने कहा कि परीक्षा भवन में 10 मिनट पहले ही छात्र-छात्राओं का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए और परीक्षा भवन में प्रवेश लेते समय ही उनकी तलाशी ली जाए, जिससे परीक्षा देने में परिक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षा केंद्र पर कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के द्वीतीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. के. राधाकृष्णन ने बताया कि उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, मात्स्यिकी एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के द्वीतीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं नौ जून से शुरू होंगी। परास्नातक द्वितीय वर्ष एवं पीएचडी के के छात्र-छात्राओं की परिक्षाएं नौ जून से शुरू होंगी। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के लिए भवन में प्रवेश करने से पहले परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लेकर प्रवेश के लिए अनुमति दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान डॉ साधना सिंह, डॉ जसवंत सिंह, डॉ संजीत कुमार, डॉ रमेश प्रताप सिंह, डॉ उमेश चंद्र, डॉ एस बी सिंह, डॉ आलोक सिंह, डॉ महेंद्र सिंह, डॉ समीर कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
