सहारनपुर में हादसा: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो की मौत
सहारनपुर, अमृत विचार : गंगोह थानाक्षेत्र स्थित नया गांव में भीषण हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया है। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है।
जबकि कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमेें पहुंच गई हैं, राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो गया है।

स्थानीय लोगों की मानें तो, फैक्ट्री में विस्फोट के तुरंत बाद भीषण आग लग गई, जिससे स्थित और गंभीर हो गई।

मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
फैक्ट्री में विस्फोट के कारण अभी तक दो लोगों के मौत की जानकारी सामने आ रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल है, इतना ही नहीं विस्फोट से फैक्ट्री के एक हिस्से में भारी नुकसान हुआ है, मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश पुलिस प्रशासन की टीमें कर रही हैं।
एसएसपी ने बताया है कि धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और एक हिस्से को नुकसान हुआ है। राहत एवं बचाव में जुटी टीमें मलबे को हटा रही हैं, जिससे मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा सके। उन्होंने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
