इटावा में गोमती एक्सप्रेस का इंजन फेल, भरथना स्टेशन से ढाई घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग स्थित इटावा जिले के भरथना रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह लखनऊ से नई दिल्ली जा रही गोमती एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने से ट्रेन करीब ढाई घंटे तक खड़ी रही। बाद में दूसरे इंजन की व्यवस्था कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार गोमती एक्सप्रेस सुबह लगभग 9:27 बजे भरथना रेलवे स्टेशन की अप मेन लाइन पर पहुंची थी। 

इसी दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण ट्रेन को रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद रेल प्रशासन ने वैकल्पिक इंजन की व्यवस्था की। समीपवर्ती क्षेत्र से लाए गए इंजन को ट्रेन से जोड़ने के बाद लगभग दोपहर 12 बजे गोमती एक्सप्रेस को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया। 

ट्रेन के मुख्य लाइन पर खड़े रहने के दौरान रेल यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पीछे से आने वाली ट्रेनों को लूप लाइन से गुजारा गया। हालांकि गोमती एक्सप्रेस के लंबे समय तक रुके रहने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। कई यात्रियों ने रेलवे से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बेहतर रखरखाव व्यवस्था की मांग की। 

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी आने की सूचना मिलने पर तत्काल दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें  : 
हाथरस : 80 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, मौके से फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार