Moradabad News: खाटू श्याम से लौट रहे चार युवक अलीगढ़ से हिरासत में, लूटकांड में पूछताछ
मुरादाबाद, अमृत विचार। खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे मुरादाबाद के चार युवकों और कार चालक को एक जनपद की पुलिस ने अलीगढ़ से हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि इन युवकों पर संबंधित जिले में हुई लूट की घटना में शामिल होने का शक है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद शुक्रवार रात मुरादाबाद में दो युवकों के घरों पर भी दबिश दी गई, जिसके बाद परिजन घरों में ताला लगाकर चले गए।
जानकारी के अनुसार कटघर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर निवासी नितिन कुमार की स्विफ्ट डिजायर कार को बलदेवपुरी निवासी शिव कुमार के माध्यम से बसंत विहार निवासी रोहित, नितिन तथा पीपलसाना निवासी सतीश और रिंकू ने बुक किया था। कार चालक अभय भटनागर चारों युवकों को लेकर तीन जून को खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। चार जून की सुबह सभी ने दर्शन किए और शाम को वापस लौट पड़े।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे चालक अभय ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह दो-तीन घंटे में घर पहुंच जाएगा, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। शुक्रवार तक सभी युवकों और चालक के मोबाइल बंद मिले, जिससे परिजन परेशान हो गए। कार मालिक ने फास्टैग की जानकारी निकाली तो पता चला कि गुरुवार रात 11:51 बजे अलीगढ़ में टोल पार किया गया था।
इसी दौरान एक अन्य जिले में हुई लूट की घटना की जांच कर रही पुलिस ने शक के आधार पर चारों युवकों और चालक को अलीगढ़ से हिरासत में ले लिया। शुक्रवार देर रात संबंधित जिले की पुलिस मुरादाबाद में रोहित के घर भी पहुंची और पूछताछ की। पुलिस के जाने के बाद परिवार के लोग घर में ताला लगाकर चले गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चारों युवकों और कार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी
