''मुझे लाठियों और प्लास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पीटा...,'' क्रिकेटर Nayeem Hasan ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
ढाकाः हवाई अड्डे से घर लौट रहे बंगलादेश टीम के क्रिकेटर नईम हसन के साथ स्थानीय पुलिस द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात चट्टोग्राम में क्रिकेटर नईम हसन के साथ पुलिस ने उस समय मारपीट की जब वह ढाका हवाई अड्डे से घर लौट रहे थे। पुलिस वालों ने शहर के लालखान बाजारर इलाके के पास उस ऑटो-रिक्शा को रोका जिसमें वे सवार थे।
नईम ने बताया कि अधिकारियों ने आक्रामक रूख अख्तियार करते हुए उनका गला पकड़ा और उन्हें दूसरे ऑटो-रिक्शा में धकेलकर पुलिस स्टेशन ले जाने लगे। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वे एक राष्ट्रीय क्रिकेटर हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया।
मुझे लाठियों-प्लास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पीटा- नईम हसन
नईम ने बाद में चट्टोग्राम में पत्रकारों से कहा, "मैंने उन्हें बार-बार बताया कि मैं कौन हूं, लेकिन उन्होंने सुनने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मुझे लाठियों और प्लास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पीटा। बाद में, जब मैंने पुलिस स्टेशन में अपनी पहचान बताई, तो इंचार्ज अफसर ने मुझसे बात करते समय नजरें नीचे रखने को कहा। अगर वे सच में पुलिस अफ़सर थे, तो उन्होंने मुझे पुलिस की गाड़ी के बजाय ऑटो में बिठाने की कोशिश क्यों की? मैं इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहता हूं।"
जानें क्या बोले डिप्टी कमिश्नर
चट्टोग्राम मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अमीरुल इस्लाम ने पत्रकारों को बताया कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अमीरुल ने 'द डेली सन' को बताया, "शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि इस कार्रवाई के दौरान शामिल अधिकारियों ने सही प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नईम न्याय मिले और जो भी ज़िम्मेदार पाया जाएगा, उसे सजा दी जाएगी।"
