'जिलों में तुरंत पहुंचे अफसर, पीड़ितों को पहुचायें आर्थिक मदद', यूपी में आंधी-बारिश और बिजली से नुकसान पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रदेश में हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का आंकलन कर 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल फील्ड पर निकलें और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करें। उन्होंने कहा कि राहत और सहायता पहुंचाने में किसी भी तरह की देरी न हो। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध हो। योगी ने स्पष्ट किया कि अति वर्षा, आकाशीय बिजली और आंधी से हुई जनहानि, पशुहानि और फसल व संपत्ति की आर्थिक हानि का त्वरित आंकलन किया जाए।
नुकसान का 24 घंटे में होगा मुआवजा
आंकलन पूरा होते ही मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर 24 घंटे में भुगतान कर दिया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि बिजली गिरने से हुई मौतों के मामलों में शासन की आपदा राहत नीति के अनुसार आर्थिक सहायता तुरंत दी जाए। साथ ही पशुओं की मौत और फसल नुकसान का भी आकलन कर मुआवजे की कार्रवाई तेज की जाए।
अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे प्रभावित गांवों में जाकर लोगों से संवाद बनाएं और उनकी जरूरतों को समझें। यदि किसी परिवार को चिकित्सा सहायता, अस्थायी आवास या अन्य जरूरी मदद चाहिए तो उसे तुरंत उपलब्ध कराया जाए। प्रदेश में गुरुवार-शुक्रवार को हुई तेज बारिश और आंधी के साथ कई जगह आकाशीय बिजली गिरी थी, जिससे जनहानि और पशुहानि की खबरें सामने आईं। कई जिलों में फसल और घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
पीड़ित परिवारों को तुरंत मिलेगी राहत
योगी ने कहा कि आपदा के समय सरकार की प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत देना है। उन्होंने दोहराया कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे।
ये भी पढ़ें :
दुधवा-पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बढ़ा पर्यटन सीजन, मानसून देरी के चलते 30 जून तक कर सकेंगे सफारी
