UP News : चंदौली पुलिस का एतिहासिक रिकॉर्ड, सभी 16 थानों को मिला आईएसओ एवं आईएस प्रमाणपत्र

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देश में पहली किसी जिले के संपूर्ण थानों को मिला यह प्रमाणपत्र, आईपीएस आकाश पटेल, आदित्य लांघ्ये एवं जीआरपी प्रभारी नासिर हुसैन को दी बधाई

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के चंदौली पुलिस के हक में एतिहासिक रिकॉर्ड आया है। इस जिले के समस्त 16 थानों को आईएसओ एवं आईएस प्रमाणन प्राप्त हुआ है। भारतीय मानक ब्यूरो की उपनिदेशक स्नेहलता की ओर से यूपी के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को यह प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यही नहीं आजमगढ़ जीआरपी को भी अंतर्राष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। डीजीपी ने चंदौली पुलिस और जीआरपी आजमगढ़ को बधाई दी है।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश में पहली बार किसी जनपद के सभी पुलिस थानों को एक साथ प्रमाणन प्राप्त हुआ है। कहा कि वर्तमान पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल एवं आदित्य लांग्हे पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद (पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदौली) के मार्गदर्शन में जनपद के सभी पुलिस थानों में मानकीकृत प्रक्रियाओं को लागू करने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, अभिलेख प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने, जनसुविधाओं में सुधार करने तथा सेवा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।

उनके नेतृत्व में नियमित समीक्षा, प्रशिक्षण, आंतरिक ऑडिट तथा सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रमाणन की सभी आवश्यकताओं का सफलतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया गया। उधर, राजकीय रेलवे पुलिस गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी पुलिस सेवाओं को लेकर अंर्तराष्ट्रीय प्रमाणन प्रदान किया गया। डीजीपी ने कहा कि जीआरपी थाना आजमगढ़ ने अपनी कार्यप्रणालियों एवं सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करते हुए पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। प्रमाणन प्रभारी निरीक्षक जीआरपी आजमगढ़ नासिर हुसैन को प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी. एवं जीआरपी के अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार