Barabanki News : पंचमुखी हनुमत धाम में 21 लोगों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम मलौली स्थित श्री पंचमुखी हनुमत धाम दंडी संन्यासी आश्रम एवं जगतगुरुकुलम में शुक्रवार को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 18 बटुकों सहित कुल 21 लोगों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री पंडित सिद्धार्थ अवस्थी के आयोजन तथा मंदिर के पुजारी दंडी स्वामी असम्भव संभवानंद सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में प्रातः सात बजे से दोपहर तक देवी-देवताओं का पूजन, गुरु पूजन, गुरु दत्त दीक्षा, संस्कार एवं आरती संपन्न हुई।
विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक अनुष्ठान कराए तथा बटुकों को सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी। संस्कार के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का शुभारंभ पंडित सिद्धार्थ अवस्थी ने किया। इससे पूर्व पंचमुखी हनुमान जी को विधिवत भोग अर्पित किया गया।
इस अवसर पर साध्वी जानकी वैष्णव, सुप्रिया अवस्थी, नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक, भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल, एमएलसी हरगोविंद सिंह, उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, ए.के. त्रिपाठी, रामबाबू यादव, रामनगर स्टेट की रानी मृणालिनी सिंह, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
