Kanpur News : मरियमपुर से सचान चौराहे तक बनेगी एलीवेटेड रोड, पीडब्ल्यूडी ने परियोजना को 2026-27 की कार्य योजना में किया शामिल
कानपुर, अमृत विचार। मरियमपुर चौराहा से बर्रा बाईपास से पहले सचान चौराहे तक 4.20 किमी लंबे रेलवे ओवरब्रिज तथा फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पीडब्ल्यूडी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना में शामिल कर लिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब प्रस्ताव वित्त कमेटी को भेजा जा रहा है, जहां से अगले माह ही स्वीकृति दिलाने के लिए विगत दिवस शहर आए मुख्यमंत्री आश्वस्त कर गए हैं। उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के बीच यातायात जाम की समस्या का निदान करके लोगों की आवाजाही सुगम बनाने वाली इस एलीवेटेड रोड का निर्माण 945 करोड़ रुपये से होगा। रेलवे से निर्माण कार्य के अपने हिस्से की लागत और डिजाइन रिपोर्ट पहले ही मांगी जा चुकी है।
मरियमपुर से बर्रा बाईपास के पहले तक बनने वाली एलीवेटेड रोड का जो खाका खींचा गया है, उसके अनुसार इसे 150 पिलर पर बनाया जोगा। प्रत्येक पिलर 24 से 30 मीटर की दूरी पर होगा। इस अलीवेटेड रोड की चौड़ाई साढ़े 10 मीटर रहेगी। इसके लिए सीमांकन व सर्वे कार्य पहले ही किया जा चुका है।
इस परियोजना की ऐसी डिजाइन तैयार की गई है, जिससे न सिर्फ पुराने गोविंदपुरी पुल का अस्तित्व बना रहेगा, बल्कि पिलर की ऊंचाई अधिक रहने से सड़क किनारे के व्यावसायिक व रिहायशी क्षेत्रों को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा। इस एलीवेटेड रोड के निर्माण से दक्षिण व उत्तर के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वालों समेत 20 लाख से ज्यादा आबादी को मरियमपुर, फजलगंज, चावला मार्केट, नंद लाल चौराहा, दीप तिराहा, सचान गेस्ट हाउस चौराहा पर लगने वाला जाम से मुक्ति मिलेगी।
