लखीमपुर खीरी : सपा में टूट खबर वायरल होने पर भड़के सांसद, कोतवाली में दी तहरीर

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सांसद आनंद भदौरिया ने दर्ज कराई आपत्ति

खीरी सांसद धौरहरा और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे...न्यूज पोर्टल और रिपोर्टर पर मानहानि का आरोप, एफआईआर की मांग

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित भ्रामक खबर को लेकर समाजवादी पार्टी ने कड़ा रूख अपनाया है। धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया शुक्रवार को सांसद उत्कर्ष वर्मा और पार्टी पदाधिकारियों के साथ सदर कोतवाली पहुंचे और न्यूज पोर्टल व उसके रिपोर्टर के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

सांसद आनंद भदौरिया ने आरोप लगाया कि 18 जून को एक न्यूज पोर्टल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर उसके रिपोर्टर द्वारा एक रील और पोस्ट प्रसारित की गई, जिसमें समाजवादी पार्टी के 26 सांसदों समेत उनके संबंध में झूठी, भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी प्रकाशित की गई। वायरल पोस्ट में 26 सांसदों के टूटने की बात कही गई और सभी के फोटो भी चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई और पार्टी की सामाजिक व राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा। सांसद का आरोप है कि यह कृत्य जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया गया है। तहरीर में कहा गया है कि इस घटना से उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और समाजवादी पार्टी के अन्य सांसदों की छवि भी धूमिल हुई है। सांसद ने कहा कि सोशल मीडिया जैसे व्यापक मंच पर असत्य जानकारी का प्रसार बेहद गंभीर विषय है, जिससे समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत संबंधित न्यूज पोर्टल और रिपोर्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान सदर कोतवाली परिसर में सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक सुनील लाला, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार