कानपुर में हादसा: तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, मौके पर दोनों युवकों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मारने के बाद रौंद दिया। हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार लोडर चालक की तलाश में जुट गई है।

कैंधा बाजार से लौट रहे थे

ठाकुर प्रसाद का पुरवा निवासी किसान गौतम सिंह का इकलौता बेटा नीरज सिंह (20) अपने दोस्त चेतन सिंह (18) के साथ गुरुवार शाम कैंधा बाजार खरीदारी करने गया था। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। गज्जापुरवा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद चालक लोडर लेकर भागने लगा और दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस बुलवाई, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

मोबाइल से मिली परिजनों को सूचना

पुलिस ने नीरज की जेब से मिले मोबाइल के जरिए परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां सुषमा बेसुध हो गईं, जबकि अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

बेटे की जिद पर दिलाई थी नई बाइक

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि नीरज के 18 साल पूरे होने पर उसने बाइक दिलाने की जिद की थी। डेढ़ महीने बाद 31 जुलाई को नीरज का जन्मदिन था। उसने परिजनों को बिना बताए लर्निंग लाइसेंस भी बनवा लाया था। करीब पांच महीने पहले उसकी जिद पूरी करते हुए नई बाइक खरीदी गई थी। परिजनों का कहना था कि उन्हें क्या पता था कि यही बाइक उनके इकलौते बेटे की जिंदगी छीन लेगी। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार लोडर और उसके चालक की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

ये भी पढ़ें:- Kanpur News: लिव-इन में रह रहे युवक का फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने प्रेमिका पर हत्या का लगाया आरोप

संबंधित समाचार