Weather Update : यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का अलर्ट, आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

मौसम विभाग ने 13 जून को यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिसा, झारखंड, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश और केरल में बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ राज्यों में आंधी-तूफान का भी अलर्ट है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ हवाएं चलेंगी। 

अमृत विचार, लखनऊ : हरियाणा के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ का असर बरकरार है। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश तक देखा जा रहा है। शनिवार को यूपी के पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में बारिश ने मौसम खुशनुमा बना दिया। सुबह को राजधानी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ क्षेत्रों में गरज, चमक के साथ बारिश होगी तो कुछ स्थानों पर ओलावृष्ट की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में अगले 5 दिनों तक गर्मी बेचैन कर सकती है, क्योंकि इस दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। पूर्वी यूपी में अगले 24 घंटों में पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले 4 दिनों में यहां तापमान पश्चिमी यूपी की तरह ही 4 से 6 डिग्री बढ़ सकता है। 

मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। 16 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 13 जून को यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिसा, झारखंड, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश और केरल में बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ राज्यों में आंधी-तूफान का भी अलर्ट है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ हवाएं चलेंगी। 

 

Lucknow Rain
लखनऊ में शनिवार को बारिश के दौरान छाता लेकर घरों से निकलते लोग।

 

मौसम विभाग ने शनिवार को यूपी के आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, बांदा और देवरिया समेत आसपास के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई। तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। 

 

लखनऊ का तापमान 

लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस। अधिकांश समय बादल छाए रहेंगे। हालांकि सुबह से बारिश से लोगों का दिन अच्छा हो गया है। क्योंकि पिछले कई दिनों से राजधानी में भयंकर गर्मी बनी थी। शुक्रवार को मौसम के तेवरों में थोड़ी नरमी जरूर देखी गई, लेकिन इससे पहले तक दोपहर की चिलचिलाती धूप, दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर रही थी। 

 

पंजाब-हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ 


मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर यूपी, दिल्ली और राजस्थान तक देखा जा सकता है। इस बीच मानसून से पहले ही यहां बारिश होती रहेगी। 

 

 

संबंधित समाचार