ई-नैम पोर्टल 2.0 लॉन्च: अब यूपी की 162 मंडियों में आढ़ती खुद करेंगे फसलों की ऑनलाइन नीलामी, किसानों को होगा बड़ा फायदा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्रशांत सक्सेना, लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश की राष्ट्रीय कृषि बाजार यानी ई-नैम से जुड़ीं 162 मंडियों के स्थानीय आढ़ती मंडी में आए किसानों की उपज की खुद नीलामी करा सकेंगे। इसके लिए केंद्र सरकार ने देशभर में संचालित ई-नैम पोर्टल के वर्जन को अपडेट करके 2.0 लांच किया है। अब इसमें आढ़तियों को अधिकृत किया है। जो इसी माह से मंडी में आए किसानों की उपज बिकवाने के लिए अपनी लॉगिन पर दर्ज करके नीलामी कराएंगे। 

दरअसल, ई-नैम प्रणाली से देश भर की जुड़ी मंडियों के आढ़ती ऑनलाइन बोली लगाकर किसानों से उपज की खरीद करते हैं। बोली मंडी समिति के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा लगवाई जाती है। इसके लिए पर्याप्त स्टाफ और संसाधनों की कमी है। रोजाना एक मंडी में 20 से 50 किसानों की उपज ही बिक पाती है। इसे बढ़ाने के लिए आढ़तियों को उपज की नीलामी कराने के लिए ई-नैम पोर्टल में शामिल किया गया है। इससे अधिक से अधिक किसानों की उपज बिकने से उन्हें फायदा होगा और मंडी समिति का कारोबार भी बढ़ेगा। इसी माह से नई व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

नीलामी के दौरान स्थानीय आढ़ती रहते साथ 

पुरानी व्यवस्था में मंडी समिति द्वारा उपज की नीलामी कराने पर वैसे भी स्थानीय आढ़ती साथ होते हैं। जिनके द्वारा नीलामी से लेकर बिक्री तक की प्रक्रिया की जाती है। ये आढ़ती किसानों की उपज लेकर अपने वाहनों से खरीदने वाले व्यापारी तक अन्य राज्य व जिलों तक पहुंचाते हैं। इन्हें इसकी एवज में व्यापारियों द्वारा कमीशन मिलता है। इसी प्रक्रिया में नीलामी कराने का एक और विकल्प मिल जाएगा। 

- प्रदेश में कुल मंडी - 251
- ई-नैम से जुड़ी मंडी - 162
- ई-नैम से जुड़े किसान - 33 लाख
- ई-नैम से जुड़े आढ़ती - 25 हजार

संबंधित समाचार