CJP Protest : Memes, Reels और Rap से सरकार पर हमला, सोशल मीडिया बना छात्रों के आंदोलन का नया हथियार
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर से सोशल मीडिया तक तेज हुआ आंदोलन, Gen-Z ने मीम्स और वायरल ट्रेंड के जरिए दर्ज कराया विरोध
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का आंदोलन अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रहा है। जंतर-मंतर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन इंस्टाग्राम और एक्स पर मीम, रील, रैप और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए नई पहचान बना रहा है। Gen-Z प्रदर्शनकारी इंटरनेट ट्रेंड का इस्तेमाल कर बेरोजगारी, पुलिस कार्रवाई और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं।
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन अब सड़कों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी नई रफ्तार पकड़ चुका है। जंतर-मंतर से शुरू हुआ विरोध अब इंस्टाग्राम और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर मीम, रील, रैप और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए अपनी अलग पहचान बना रहा है।
जंतर-मंतर से सोशल मीडिया तक फैला आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुए प्रदर्शन को 20 जुलाई को उस समय और गति मिली, जब संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकते हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद मुंबई, इंदौर, उदयपुर और हैदराबाद समेत कई शहरों में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। इसके समानांतर सोशल मीडिया भी आंदोलन का प्रमुख मंच बन गया, जहां राजनीतिक संदेशों को वायरल ट्रेंड और इंटरनेट संस्कृति के साथ जोड़कर साझा किया जा रहा है।
Gen-Z ने मीम्स और रील्स से उठाए सवाल
'जनरेशन-जेड' के प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, बेरोजगारी, पुलिस कार्रवाई और पर्यावरण जैसे मुद्दों को मीम्स और वीडियो के जरिए उठा रहे हैं। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया कि "देश में रोजगार के अवसर कम हैं, इसलिए धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे रहे।" वहीं, एक अन्य पोस्ट में कॉरपोरेट संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा गया कि शायद मंत्री अपने महीने का वेतन मिलने का इंतजार कर रहे हैं ताकि इस्तीफे के बाद 'फुल एंड फाइनल सेटलमेंट' में दिक्कत न हो। 'एक्स' पर भी इसी तरह की पोस्ट साझा की गईं, जिनमें व्यंग्यात्मक अंदाज में मंत्री के इस्तीफे में देरी पर सवाल उठाए गए।
लाठीचार्ज के वीडियो हुए वायरल
20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए। इनमें भागते हुए प्रदर्शनकारियों के वीडियो को 'चक दे इंडिया', 'भाग मिल्खा भाग', 'गंगनम स्टाइल' और मोबाइल गेम 'सबवे सर्फर' के संगीत के साथ साझा किया गया। एक वीडियो में लिखा गया, "कार्डियो कराने के लिए धन्यवाद, दिल्ली पुलिस।" वहीं, दूसरे वीडियो में "संसद की डोरबेल बजाकर भाग गया" जैसे व्यंग्यात्मक संदेश भी दिखाई दिए।
रैप और व्यंग्य से दर्ज कराया विरोध
'गरम कलाकार' नाम से पहचान रखने वाले एक यूट्यूबर और रैपर ने भी 20 जुलाई की घटनाओं पर आधारित एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शन के घटनाक्रम को रैप के जरिए प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शन में शामिल होने से पहले कई युवाओं ने 'GRWM (Get Ready With Me)' और 'OOTD (Outfit of the Day)' जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया फॉर्मेट में भी वीडियो पोस्ट किए।
आंसू गैस और न्यूक्लियर फैमिली पर भी व्यंग्य
प्रदर्शनकारियों ने आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर पर्यावरण संबंधी व्यंग्य भी किए। एक पोस्ट में लिखा गया कि "दिल्ली पुलिस, कृपया आंसू गैस का इस्तेमाल मत कीजिए, इससे प्रदूषण बढ़ता है।" वहीं, दूसरे पोस्ट में आंसू गैस को "100 प्रतिशत शुद्ध" बताते हुए कटाक्ष किया गया। कई प्रदर्शनकारियों ने व्यक्तिगत अनुभवों और हास्य के जरिए भी आंदोलन को अभिव्यक्ति दी। किसी ने आंसू गैस के धुएं को पुराने प्रेम से जोड़कर पोस्ट किया तो किसी ने प्रदर्शन को जीवनसाथी तलाशने का अवसर बता दिया।
कैसे हुई CJP की शुरुआत
भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में 'कॉकरोच' शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की शुरुआत हुई थी। इसके बाद इस समूह ने नीट पेपर लीक और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया। तब से यह आंदोलन देश के कई हिस्सों में फैल चुका है और इसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हो रहे हैं।
