Gonda News : पर्यटकों के लिए खुलेगा ग्रामीण मेहमाननवाजी का द्वार, जिले में होम स्टे की शुरुआत
गोंडा को मिला पहला आधिकारिक होम स्टे, डीएम ने वजीरगंज निवासी विनोद कुमार मौर्य को सौंपा प्रमाण पत्र
गोंडा, अमृत विचार। जनपद को पर्यटन विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वजीरगंज निवासी विनोद कुमार मौर्य को जिले का पहला आधिकारिक होम स्टे प्रमाण पत्र जारी किया है। "मौर्या होम स्टे, वजीरगंज" के नाम से जारी यह प्रमाण पत्र ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विनोद कुमार मौर्य को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही गोंडा की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक विरासत से देश-विदेश के पर्यटक भी रूबरू हो सकेंगे।
ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
जिलाधिकारी ने जिले के अन्य इच्छुक नागरिकों से भी पर्यटन विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर होम स्टे स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा।
पर्यटकों को मिलेगा स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अनुभव
पर्यटन विभाग के अनुसार "मौर्या होम स्टे" में आने वाले पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, ग्रामीण जीवनशैली और आत्मीय आतिथ्य का अनुभव मिलेगा। इससे गोंडा को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पाण्डेय, ग्राम प्रधान वजीरगंज सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
