Barabanki News : भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी, अरविंद सिंह गोप का आरोप, सपा ने पीडीए आरक्षण घोटाले की जांच की मांग की
सपा जिला इकाई ने छाया चौराहा स्थित जिला कार्यालय पर पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की। अरविंद कुमार सिंह गोप ने भाजपा सरकार पर आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पिछड़ा, दलित एवं आधी आबादी (पीडीए) समाज के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
बाराबंकी, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी की जिला इकाई ने छाया चौराहा स्थित जिला कार्यालय पर पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने भाजपा सरकार पर आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पिछड़ा, दलित एवं आधी आबादी (पीडीए) समाज के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा, रामनगर विधायक एवं पूर्व मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई, सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, जैदपुर विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, राम मगन रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद यादव तथा विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ‘राजू’ ने दावा किया कि 22 भर्तियों में आरक्षण के अनुसार पीडीए वर्ग को 46,817 पद मिलने चाहिए थे, जबकि केवल 35,303 पद दिए गए और 11,514 पदों से वंचित किया गया।
नियुक्तियों में आरक्षण की अनदेखी का आरोप
उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती, वन एवं वन्यजीव संरक्षक भर्ती तथा जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न नियुक्तियों में आरक्षण की अनदेखी का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाएगी और सामाजिक न्याय व संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार से पीडीए आरक्षण घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पीडीए समाज के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
इस मौके पर फैजान किदवई, सुरेंद्र सिंह वर्मा, लल्लन वर्मा, सुरेश चंद्र गौतम, हुमायूं नईम खान, वीरेंद्र प्रधान, प्रीतम सिंह वर्मा, नसीम कीर्ती, अजय वर्मा ‘बबलू’, प्रदुमन यादव, रिजवान संजय, जसवंत यादव, जसवंत सिंह यादव, विजय यादव, आशीष सिंह आर्यन, राजकुमार वर्मा और अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
