अयोध्या पहुंचे केजरीवाल, राम मंदिर दान मामले की एफआईआर को बताया 'दिखावा' कहा- बड़े लोगों को बचाया जा रहा
अयोध्या। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर में दान के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज एफआईआर पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सभी देशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि राम मंदिर में दान के कथित गबन और सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में जो भी दोषी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।
अयोध्या पुलिस द्वारा गुरुवार शाम दर्ज की गई एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता और लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है। उनके मुताबिक, इस मामले में आठ छोटे कर्मचारियों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि इतना बड़ा और लंबे समय तक चलने वाला कथित घोटाला केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के बूते संभव नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले के तार ऊंचे स्तर तक जुड़े हो सकते हैं, लेकिन बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और पूरा दोष छोटे कर्मचारियों पर डाला जा रहा है। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह भी मौजूद रहे।
