UP Weather Today : यूपी के 25 जिलों में चलेगी लू, बरकरार रहेगा भीषण गर्मी का दौर
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इस बीच गर्मी का दौर बना रहेगा। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्जकी जा सकती है। शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से लेकर 41 सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इस बीच गर्मी का दौर बना रहेगा। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके साथ ही राज्य के 50 जनपदों में तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज होने की संभावना है।
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जनपदों में लू चलने की संभावना जताई है-उसमें, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, गोंडा, श्रावस्ती, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर अयोध्या और आसपास के इलाके शामिल हैं।
रविवार को भी चलेगी लू
मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के 30 जनपदों में मौसम ऐसा ही रहने की संभावना जताई है। इस साल बांदा यूपी के सबसे गर्म जिलों में शुमार है। रविवार को भी गर्मी के हालात रहेंगे। बांदा के अलावा, चित्रकूट, प्रयागराज और कौशांबी समेत आसपास के जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
