राजधानी में बिजली संकट बरकरारः पानी को तरसे लोग, बेअसर रही हेल्पलाइन और अधिकारियों के फोन
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी के कई इलाकों में शुक्रवार को भी बिजली संकट बना रहा। लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अंडरग्राउंड केबल फाल्ट की समस्याओं के कारण हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहरा गया। वहीं शिकायत दर्ज कराने के लिए उपभोक्ताओं की ओर से 1912 पर फोन किया गया, लेकिन नंबर घंटों व्यस्त रहा। वहीं इस दौरान उपकेंद्र सहित बिजली अधिकारियों के फोन भी नहीं उठे, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
आलमबाग के नटखेड़ा रोड पर गहराया संकट
आलमबाग के नटखेड़ा रोड स्थित कुटिया गली में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण स्थानीय निवासी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। नटखेड़ा रोड युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष अरोड़ा ने बिजली विभाग के प्रति रोष जताते हुए कहा कि क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल फाल्ट की समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। उपभोक्ताओं के अनुसार, विभाग ने अंडरग्राउंड केबल बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पिछले तीन दिनों से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की वजह से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। घरों में मोटर नहीं चल पा रही हैं, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस बाबत आलमबाग चंदरनगर उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आया है, जिसे ठीक कराने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी।
कई फीडरों पर तकनीकी खराबी और आग की घटनाएं
दिनभर विभिन्न उपकेंद्रों और फीडरों पर तकनीकी खराबियों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। खजुआ छोटा रामलीला क्षेत्र में एक सर्किट बंद कर एबीसी केबल खींचने का कार्य किया गया, जिसके चलते करीब 250 घरों की बिजली आपूर्ति लगभग दो घंटे तक बंद रही। वहीं 11 केवी ऐशबाग गेट फीडर पर मास्टर कन्हैयालाल रोड समिति जागरण स्थल के पास एबीसी केबल में आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने से फीडर ट्रिप हो गया और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और मरम्मत कार्य के बाद सप्लाई सामान्य की। हालांकि कुछ समय बाद फिर फीडर ट्रिप होने से उपभोक्ताओं को दोबारा परेशानी उठानी पड़ी। बाद में तकनीकी टीम ने पेटी उतारकर एक सर्किट चालू कराया और बिजली आपूर्ति बहाल की।
आईटीआई अलीगंज उपकेंद्र क्षेत्र भी रहा प्रभावित
आईटीआई अलीगंज उपकेंद्र के अंतर्गत 11 केवी विद्युत सेवा आयोग फीडर से जुड़े नीरा ट्रांसफार्मर क्षेत्र में भी तकनीकी कारणों से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। करीब आधे घंटे बाद क्षेत्र की सप्लाई को सामान्य किया जा सका।
शहर के इन इलाकों में दिनभर रही बिजली की आवाजाही
बिजली संकट केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा। महानगर के सेक्टर-ए माई की बगिया, अलीगंज, अमीनाबाद, चौक, दुबग्गा, सरोजनीनगर, आशियाना, हसनगंज, इंदिरानगर, गोमतीनगर विस्तार, चिनहट, गुडंबा, मड़ियांव, फैजुल्लागंज, केशवनगर, आलमबाग, बंगला बाजार, राजाजीपुरम न्यू एवं ओल्ड, तेलीबाग, उतरेठिया, लालकुआं और चारबाग सहित कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। कई क्षेत्रों में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिससे घरेलू और कारोबार गतिविधियां भी प्रभावित रही।
