कतर के अमीर से मिला आलीशान तोहफा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेश किया नया 'एयर फोर्स वन', जानिए इनसाइड स्टोरी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए सिरे से तैयार किए गए 'एयर फोर्स वन' विमान का अनावरण किया है। इस विमान को अगले महीने की शुरुआत से राष्ट्रपति की आधिकारिक यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पहले इसे परीक्षण उड़ानों पर भेजा जाएगा। आपको बता दें कि यह विमान पहले कतर के स्वामित्व में था, जिसे अब व्यापक रूप से नवीनीकृत (Renovate) करके आधुनिक बनाया गया है

अमेरिकी ध्वज के रंगों में रंगा नया बोइंग 747-8आई

इस नए बोइंग 747-8आई विमान को अमेरिकी ध्वज के रंगों— लाल, सफेद और गहरे नीले रंग में रंगा गया है। इसके विपरीत, पुराना विमान हल्के आसमानी रंग का है, जिसका इस्तेमाल अमेरिका के राष्ट्रपतियों द्वारा लगभग 40 वर्षों से किया जाता रहा है। नए विमान की 'टेल' (पूंछ) पर अमेरिकी राष्ट्रीय ध्वज का चित्र भी अंकित किया गया है।

ज्वाइंट बेस एंड्रूज' (जो राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान का मुख्य ठिकाना है) के निकट आयोजित एक समारोह में ट्रंप ने कहा,"सबसे बड़ा अंतर इसके आकार में है। यह लगभग दोगुना बड़ा है। ये नए रंग हैं- लाल, सफेद और नीला। हमें हल्का आसमानी रंग भी पसंद था, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया था... मुझे अमेरिकी ध्वज के रंग पसंद हैं।"

कतर के अमीर से विमान लेने की क्यों आई नौबत?अमेरिकी वायु सेना के अनुसार, यह विमान जल्द ही 'परीक्षण उड़ानें' भरेगा, जो राष्ट्रपति के परिवहन के लिए उपयोग किए जाने से पहले इसकी अंतिम परीक्षा होगी।राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि उन्होंने यह विमान कतर के अमीर (कतर के शासक) से प्राप्त करने की पहल इसलिए की क्योंकि वह बोइंग के 'एयर फोर्स वन प्रतिस्थापन कार्यक्रम' में हो रही देरी से निराश थे। इसके साथ ही, अमेरिका के राष्ट्रपति बेड़े के पुराने हो चुके विमानों की तुलना विदेशी सरकारों के अधिक आधुनिक विमानों से किए जाने की बातें भी लगातार बढ़ रही थीं।

ट्रंप ने कहा,  "मैंने अमीर से पूछा कि क्या हम इस बिल्कुल नए 747 विमान का उपयोग कर सकते हैं।"

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस विमान ने अपेक्षाकृत बहुत कम उड़ान घंटे पूरे किए हैं।

ट्रंप ने आगे कहा, "देखिए, कोई सामान्य राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता। एक सामान्य राष्ट्रपति विमान जैसे मामलों से दूर रहना चाहता है लेकिन हमारे देश का प्रतिनिधित्व उचित ढंग से होना चाहिए।"

कड़े सुरक्षा मानकों पर किया गया है तैयार

अमेरिकी वायु सेना का कहना है कि 'एयर फोर्स वन' बनने वाले किसी भी विमान को बेहद कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करना होता है। वायु सेना के अनुसार, कतर से प्राप्त इस विमान में एक सुव्यवस्थित और अनुशासित इंजीनियरिंग प्रक्रिया के तहत जरूरी संशोधन किए गए हैं।

4 जुलाई और नाटो शिखर सम्मेलन में दिखेगी झलक

राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की है कि नया 'एयर फोर्स वन' अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चार जुलाई को 'नेशनल मॉल' में आयोजित होने वाले समारोहों के दौरान हवाई प्रदर्शन (Flypast) करेगा। इसके अलावा, राष्ट्रपति ने यह भी साझा किया कि वह अगले महीने तुर्किये में होने वाले नाटो (NATO) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इसी नए विमान का उपयोग करेंगे।

ये भी पढ़ें  : 
भस्मासुर है पाकिस्तान... UN में भारत का कड़ा प्रहार, कहा— जब अपना ही बनाया राक्षस डसता है, तो हैरान क्यों होते हो?

 

संबंधित समाचार