हुनर से आत्मनिर्भरता, यूपी के 75 जिलों में ODOP से जुड़े युवाओं को मिलेगी स्पेशल स्किल ट्रेनिंग
- प्रदेश के सभी 75 जिलों में 'हुनर से आत्मनिर्भरता' का महा-अभियान - स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार को मिलेगी नई गति - आधुनिक तकनीक, डिजाइन, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग का भी दिया जाएगा प्रशिक्षण
अमृत विचार : प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उप्र. कौशल विकास मिशन के तहत एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जिलों में कौशल विकास अभियान संचालित किया जा रहा है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कुल 8,525 युवाओं को उनके जिले के प्रमुख पारंपरिक उत्पादों से जुड़े आधुनिक एवं उद्योगोन्मुखी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा स्थानीय उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।
योजना को दो चरणों में लागू किया गया है। पहले चरण में 1 अप्रैल 2026 से 17 जिलों में 1,050 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में शेष 58 जिलों में 7,475 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
दोनों चरणों के अंतर्गत युवाओं को उत्पाद निर्माण, डिजाइनिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग एवं उद्यमिता विकास जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले हेतु विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। मिशन द्वारा प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी उप्र. कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट upsdm.gov.in पर जाकर अपने जिले के प्रशिक्षण केंद्र, उपलब्ध ट्रेड, प्रशिक्षण संस्थान तथा आवेदन संबंधी सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल राज्य में पारंपरिक उद्योगों को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें :
आज यूपी के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में आएगी ‘सम्मान निधि’, पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री मोदी करेंगे जारी
