Bareilly News: महिलाओं से मुकदमे लिखवाकर वसूली करता था बर्खास्त सिपाही, वकील पत्नी करती थी कानूनी मदद
बरेली, अमृत विचार। बरेली में आपराधिक और समाज विरोधी गतिविधियों के आरोपों में बर्खास्त किए गए सिपाही और उसकी अधिवक्ता पत्नी के वसूली वाले खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। बर्खास्त सिपाही सुरकेश शर्मा के मोबाइल फोन से पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले हैं। भमोरा थाना पुलिस के अनुसार, वह गांव की राजनीति में दखल देकर महिलाओं के जरिए मुकदमे दर्ज कराता और फिर समझौते के नाम पर कथित वसूली करता था। जांच के बाद पुलिस ने सुरकेश शर्मा, उसकी पत्नी और अधिवक्ता कृतिका शर्मा तथा उसके साथी ओमवीर को गिरफ्तार कर लिया।
पहले से दर्ज हैं 17 मुकदमे
सुरकेश शर्मा उत्तर प्रदेश पुलिस का चर्चित सिपाही रहा है। उसके खिलाफ पहले से 17 मुकदमे दर्ज हैं और अब भमोरा थाने में उसके खिलाफ 18वां मामला दर्ज किया गया है। चंदौली में तैनाती के दौरान लंबे समय तक गायब रहने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के चलते उसे पहले निलंबित और बाद में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने वर्ष 2024 में उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया।
.jpg)
पत्नी पर भी लगे आरोप
पुलिस का दावा है कि सुरकेश के मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप कॉल और अन्य रिकॉर्ड मिले हैं, जिनसे कथित रंगदारी और समझौते के प्रयासों के संकेत मिले। पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता कृतिका शर्मा भी पति की गतिविधियों में कानूनी मदद कर रही थीं। वहीं, बचाव पक्ष इन आरोपों को गलत बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है।
वकीलों ने कोर्ट में किया हंगामा
कृतिका शर्मा की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को अदालत परिसर में वकीलों ने जमकर विरोध किया। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और वकीलों के बीच तीखी बहस भी हुई। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बीच अदालत ने कृतिका शर्मा की जमानत अर्जी खारिज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस दौरान कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित रहा।
.jpg)
गिरफ्तारी पर उठे सवाल
बचाव पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने महिला अधिवक्ता समेत तीन लोगों को एक दिन पहले ही घर से उठाकर हिरासत में ले लिया था और बाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी दिखाई गई। वकीलों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई को एकपक्षीय बताया है। वहीं, एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पहले पुलिस विभाग का हिस्सा ही क्यों न रहा हो।
ये भी पढ़ें:- Bareilly : मोहर्रम पर हाई अलर्ट, 966 जुलूसों की ड्रोन से होगी निगरानी
