Moradabad News : केशव मौर्य का विपक्ष पर तीखा तंज, कहा- विकास और सुशासन की राजनीति से घबराए हैं विरोधी दल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अपने मुरादाबाद दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में चल रही विकास और सुशासन की राजनीति से विरोधी दल पूरी तरह घबराए हुए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। 

उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने देश की सुरक्षा जनकल्याणकारी फैसलों तथा आज के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश को आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद जैसी कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक ऐसा मजबूत देश बन गया है जो आतंकवाद का निर्णायक और कड़ा जवाब देता है। 

उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार ने 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की अलग से व्यवस्था की है। इसके साथ ही किसानों के खातों में सीधे किसान सम्मान निधि भेजी जा रही है और निजी नलकूप का उपयोग करने वाले किसानों के बिजली बिल माफ कर उन्हें मुफ्त बिजली दी जा रही है।

केशव मौर्य ने आगे कहा कि मोदी सरकार के मजबूत फैसलों के परिणाम स्वरूप ही अयोध्या में 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है। साथ ही, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35 ए को हमेशा के लिए विदा कर दिया गया है। उन्होंने कुंभ मेले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रयागराज के पावन संगम में 65 करोड़ से अधिक लोगों ने डुबकी लगाई, जिससे धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। 

उन्होंने कहा कि आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के हर घर में तिरंगा लहरा रहा है, जो मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है। दौरे के अंतिम चरण में उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और उन्हें समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी सभी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया। 

संबंधित समाचार