महोबा : धसान नदी में डूबकर दो भाइयों की मौत, पुलिस आरक्षी परीक्षा से पहले पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बांदा/महोबा। महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में धसान नदी में नहाते समय दो सगे भाइयों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पनवाड़ी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम धसान नदी में नहाने के दौरान फतेहपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी दो सगे भाइयों जितेंद्र कुमार (33) और राजा (30) की डूबने से मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पनवाड़ी क्षेत्र के नैपुरा गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। उसका छोटा भाई राजा सोमवार को पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र अपने परिवार के साथ किराए के मकान में पनवाड़ी कस्बे में रह रहा था। रविवार शाम वह अपने भाइयों रंजीत, राजा, पुत्र सिद्धांत और साले दिलीप के साथ झारखंड धाम घूमने गया था। वहां सभी लोग धसान नदी में नहाने लगे। 

इस दौरान जितेंद्र का बेटा सिद्धांत गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में पहले जितेंद्र पानी में उतरा और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन वह स्वयं डूब गया। उसे बचाने के प्रयास में उसका छोटा भाई राजा भी नदी में उतर गया और दोनों की डूबकर मौत हो गई। एसएचओ ने बताया कि घटना की सूचना पर देर रात गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

ये भी पढ़ें  : 
प्रयागराज : धान की रोपाई पर मंडराया संकट, महंगे डीजल और गिरते भूजल स्तर की दोहरी मार  

संबंधित समाचार