Bareilly : रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का भव्य समापन

बरेली, अमृत विचार। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में चल रहे रक्तदान शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। शिविर के जरिये लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में संस्थान के चिकित्सकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

शिविर के दौरान ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम एवं चिकित्सकों ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन मंडल की ओर से डॉ. केशव अग्रवाल, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. लता अग्रवाल व डॉ. किरण अग्रवाल ने रक्तदान शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल केवल उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। समाज में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के रक्तदान शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन लोगों में सेवा, सहयोग एवं सामाजिक संवेदनशीलता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कॉलेज प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। सभी से नियमित रूप से रक्तदान करने एवं अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए
रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. फैज शम्सी ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और केवल स्वैच्छिक रक्तदान ही अनेक मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर रक्तदान आंदोलन को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

संबंधित समाचार