Mahoba Crime News : विवाद के बाद शराबी बेटे ने कर दी पिता की हत्या, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना में एक युवक ने शराब के नशे में अपने पिता की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि श्रीनगर थाना क्षेत्र के सीजहरी गांव निवासी हरिहर वर्मा (60) का पुत्र महेश शराब पीने का आदी था।

भारी पत्थर से सिर पर किया हमला

सोमवार सुबह वह नशे की हालत में घर पहुंचा और परिवार के लोगों से विवाद करने लगा। इस दौरान हरिहर वर्मा ने पुत्र के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा। इसी बात से नाराज होकर महेश ने अपना आपा खो दिया और आंगन में पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर पिता के सिर पर हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना में गंभीर रूप से घायल हरिहर वर्मा को परिजन तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

वारदात के बादफरार आरोपी बेटे को पुलिस ने दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार