बाराबंकी को विकास की बड़ी सौगात : महादेवा कॉरिडोर से बढ़ेगा पर्यटन, रोजगार और कारोबार; हरगोविंद ने CM योगी के दौरे को बताया ऐतिहासिक
महादेवा कॉरिडोर, विकास परियोजनाओं और अयोध्या दर्शन सेवा को लेकर पूर्व एमएलसी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री योगी के बाराबंकी दौरे से पहले भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोधेश्वर महादेव धाम में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही महादेवा कॉरिडोर और अयोध्या दर्शन सेवा को प्रदेश सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
बाराबंकी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित बाराबंकी दौरे को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। रामनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित कार्यक्रम से पहले भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री के आगमन का स्वागत करते हुए इसे जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।
'सनातन और धार्मिक स्थलों के विकास के प्रति सरकार प्रतिबद्ध'
हरगोविंद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद लोधेश्वर महादेव धाम आ रहे हैं। यह उनकी सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महादेवा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है, जिससे इस प्राचीन तीर्थस्थल को नई पहचान मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात
पूर्व एमएलसी ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं से पूरे बाराबंकी जिले में विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने और इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान भी तेज
हरगोविंद सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उनकी ओर से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। एक प्रचार वाहन साउंड सिस्टम के माध्यम से विभिन्न गांवों और कस्बों में जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दे रहा है।
अयोध्या के लिए निःशुल्क दर्शन सेवा जारी
लोधेश्वर महादेव धाम से अयोध्या धाम तक संचालित निःशुल्क दर्शन सेवा पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद भी कई श्रद्धालु आर्थिक या अन्य कारणों से अयोध्या नहीं जा पा रहे थे। ऐसे लोगों की सुविधा के लिए यह सेवा शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि 27 सीटर वातानुकूलित (एसी) बस सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से श्रद्धालुओं को लोधेश्वर महादेव धाम से अयोध्या धाम तक निःशुल्क दर्शन के लिए लेकर जाती है, जबकि सप्ताह में एक दिन बस के रखरखाव के लिए निर्धारित है।
