Sambhal News : राम मंदिर ट्रस्ट के स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट की मांग, सौंपा ज्ञापन
आजादी अधिकार सेना पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया
संभल, अमृत विचार। आजाद अधिकार सेना पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन से अब तक के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराने और पूर्ण वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
पार्टी के प्रदेश महासचिव खिजर गोस उर्फ गोस भैया ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। देश-विदेश से मंदिर के नाम पर बड़ी मात्रा में धन और मूल्यवान सामग्री दान के रूप में प्राप्त हुई है। ऐसे में ट्रस्ट के कार्यों में सर्वोच्च स्तर की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। एसडीएम निधि पटेल को दिये गये ज्ञापन में कहा गया कि हाल की घटनाओं और चल रही जांचों के बाद ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, आंतरिक नियंत्रण, दान की व्यवस्था तथा सार्वजनिक जवाबदेही को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। पार्टी ने ट्रस्ट के गठन से अब तक प्राप्त दान, खर्च, प्रमुख खरीद, ठेकों, भूमि लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। इस दौरान जाकिर मिर्जा, असलम तुर्की, डॉ. शाहनवाज चौहान, मो. आसिफ, वीरपाल, नौशाद शेख, दीपक कुमार, मनोज कुमार, देवानंद, रोहित, पराग गर्ग, सुजीत, उस्मान खान, आरिफ, समीर अंसारी, फुरकान अली, जुनैद, जाहिद, रितिक कुमार, संतोष सत्संगी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
