एक ऐसा कप्तान, जिसके नाम आज भी कई अनोखे रिकॉर्ड! जन्मदिन पर जानिए MS Dhoni के 5 ऐतिहासिक कारनामे
7 जुलाई को जन्मे महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी, विकेटकीपिंग और फिनिशिंग से रचा इतिहास, आज भी कई रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हैं
डिजिटल डेस्कः भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का आज, 7 जुलाई को जन्मदिन है। 7 जुलाई 1981 को रांची (झारखंड) में जन्मे पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी शांत कप्तानी, शानदार विकेटकीपिंग और मैच फिनिश करने की क्षमता से विश्व क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो आज भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों को मिलाकर 332 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारत ने 178 मुकाबलों में जीत दर्ज की। उन्होंने 200 वनडे, 75 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 60 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया का नेतृत्व किया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टम्पिंग
धोनी अपनी तेज विकेटकीपिंग के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध रहे। उन्होंने 538 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 195 स्टम्पिंग कर विश्व क्रिकेट में सबसे अधिक स्टम्पिंग का रिकॉर्ड बनाया।
0.08 सेकेंड में सबसे तेज स्टम्पिंग
महेंद्र सिंह धोनी ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ कीमो पॉल को 0.08 सेकेंड में स्टम्प आउट कर क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज स्टम्पिंग का रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि आज भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे चर्चित रिकॉर्ड्स में शामिल है।
वनडे में सबसे ज्यादा बार नाबाद लौटने का रिकॉर्ड
धोनी के नाम वनडे क्रिकेट में 84 बार नाबाद रहने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने कई मौकों पर टीम इंडिया को लक्ष्य तक पहुंचाकर बिना आउट हुए मैच समाप्त किया।
तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी विश्व क्रिकेट के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग आईसीसी ट्रॉफियां जीतने का गौरव हासिल किया। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की।
आज भी महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रेरणादायक खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और उनके कई रिकॉर्ड नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए चुनौती बने हुए हैं।
यह भी पढ़ेंः FIFA World Cup: बेल्जियम का दमदार प्रदर्शन, अमेरिका को 4-1 से रौंदकर क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह
