Sambhal News : भालू बना किसान तो बंदरों में मची भगदड़, अनोखे जुगाड़ से बच रही फसल
बंदरों के आतंक से परेशान किसान ने निकाला अनोखा उपाय, भालू बनकर कर रहा रखवाली
संभल, अमृत विचार। बंदरों और आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए एक किसान ने ऐसा अनोखा तरीका अपनाया है, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। फसल को लगातार नुकसान पहुंचने से परेशान किसान बाजार से भालू का कॉस्ट्यूम खरीद लाया और अब उसी को पहनकर खेत में भालू की तरह घूमते हुए फसल की रखवाली कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि किसान को भालू के रूप में देखते ही बंदर खेत छोड़कर भाग जाते हैं।
मामला संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के धनारी थाना क्षेत्र के गांव वहीपुर का है। यहां के किसान केशव कुमार की मक्का और धान की फसल पर बंदरों और आवारा पशुओं का लगातार हमला हो रहा था। कई बार डंडे, शोर-शराबे और अन्य उपाय अपनाने के बावजूद बंदर खेत छोड़ने को तैयार नहीं होते थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें बताया कि बंदर भालू से डरते हैं और बाजार में भालू का कॉस्ट्यूम भी उपलब्ध है। इसके बाद केशव कुमार ने करीब 1700 रुपये में भालू का मुखौटा और कॉस्ट्यूम खरीद लिया। जब वह इसे पहनकर खेत में पहुंचे तो बंदरों ने उन्हें असली भालू समझ लिया और देखते ही देखते खेत से दूर भाग गए। तब से किसान रोजाना भालू की वेशभूषा पहनकर खेत का चक्कर लगाते हैं और उनकी फसल सुरक्षित रहने लगी है।
इसका फायदा आसपास के किसानों को भी मिल रहा है, क्योंकि बंदर आसपास के खेतों में भी कम दिखाई दे रहे हैं। किसान केशव कुमार ने बताया कि बंदरों से उनकी परेशानी इतनी बढ़ गई थी कि रोजाना फसल का बड़ा हिस्सा बर्बाद हो रहा था। पहले जब डंडा लेकर या शोर मचाकर बंदरों को भगाने जाते थे तो वे भागने के बजाय लोगों पर ही हमला करने दौड़ पड़ते थे। लेकिन अब भालू का कॉस्ट्यूम पहनते ही बंदर खेत के आसपास भी नहीं फटकते। किसान के इस अनोखे जुगाड़ की चर्चा अब गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी हो रही है। लोग इसे कम खर्च में फसल बचाने का असरदार तरीका मान रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले संभल तहसील के फिरोजपुर गांव में भी एक किसान ने आवारा पशुओं और बंदरों से फसल बचाने के लिए भालू का कॉस्ट्यूम पहनकर रखवाली की थी, जिसका तरीका भी काफी चर्चित रहा था।
