Balrampur News : मानसून के बीच एक्शन में बलरामपुर जिला प्रशासन, डीएम ने राप्ती तट और संवेदनशील क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
बलरामपुर, अमृत विचार। मानसून के बीच संभावित बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को तहसील सदर के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले कोडरी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने राप्ती नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया। इसके बाद उन्होंने कोडरी तट स्थित बाढ़ खंड के रिजर्व स्टोर का निरीक्षण कर कटानरोधी सामग्री, बोरियां, उपकरण और अन्य संसाधनों का सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि राहत एवं बचाव सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे और आवश्यकता पड़ने पर उसका तत्काल उपयोग किया जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने हेंगहा नाला और खरझार नाला का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नालों के प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा न आने देने तथा नियमित निगरानी कर आवश्यक सुधार कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम इटैहिया भी पहुंचे, जहां हेंगहा नाले के जलग्रहण क्षेत्र में निर्माण कार्यों के कारण संभावित जलभराव की स्थिति का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने बाढ़ खंड, सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय, बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
