Kannauj News: ग्राहक बनकर ज्वैलरी शॉप में चोरी करने वाली 3 महिलाएं और बोलेरो ड्राइवर गिरफ्तार, सीसीटीवी से दबोचा गया हरदोई का शातिर गिरोह

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कन्नौज,अमृत विचार। थाना तालग्राम पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी कर जेवरात चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन शातिर महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया.

ग्राहक बनकर आए और बातों में उलझाकर उड़ा दिए जेवर

घटनाक्रम के अनुसार, थाना क्षेत्र तालग्राम के ग्राम अमोलर स्थित 'पटेल ज्वैलर्स' के संचालक विवेक पटेल की दुकान पर बीती 09 जुलाई को दोपहर करीब 12:40 बजे दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों आरोपियों ने ज्वैलरी देखने के बहाने दुकानदार को अपनी बातों में उलझा लिया। इसी बीच दोनों महिलाओं ने नजर बचाकर दुकान से 01 जोड़ी सोने के टॉप्स (लगभग 2.5 ग्राम), 01 सोने का डबल पेंडल (लगभग 2.5 ग्राम), 01 जोड़ी सोने के कुण्डल (लगभग 2.5 ग्राम), 01 जोड़ी चांदी की तोड़िया (लगभग 150 ग्राम) चोरी कर लिए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास, दर्ज हैं कई मुकदमे

एसपी ने बताया कि पकड़ी गई महिलाएं बेहद शातिर हैं और अलग-अलग जनपदों में वारदातों को अंजाम देती हैं। आरोपी ऊषा के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर नगर जनपद में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी रिंकी उर्फ पिंकी के खिलाफ हरदोई, बाराबंकी, फतेहगढ़, फतेहपुर, लखनऊ, शाहजहाँपुर और सीतापुर सहित विभिन्न जिलों में कुल 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी, 3 मोबाइल फोन और 5,020 रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी विनोद कुमार ने एएसपी अजय कुमार व सीओ शिल्पा वर्मा की मौजूदगी में इस कामयाबी की घोषणा की।

ये भी पढ़ें : 
Sultanpur Crime News : सुलतानपुर में आतंक का पर्याय बना अपाचे सवार लुटेरों का गिरोह गिरफ्तार, 3 वारदातों का खुलासा

संबंधित समाचार