सफलता की उड़ान: मिहींपुरवा की स्नेहा साहू ने जीता एकेटीयू का गोल्ड मेडल, राज्यपाल के हाथों हुईं सम्मानित

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बहराइच। होनहार बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी का परचम लहराकर समाज और देश का गौरव बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में जनपद के नगर पंचायत मिहींपुरवा, वार्ड नंबर 14 (तमोलिनपुरवा) की रहने वाली स्नेहा साहू ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

लखनऊ-बाराबंकी हाईवे पर स्थित सेठ विशंभर नाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा रहीं स्नेहा साहू ने बी.टेक (एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग) में सर्वोच्च प्रदर्शन करते हुए डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की टॉपर्स सूची में पहला स्थान हासिल किया है।

इस ऐतिहासिक कामयाबी के लिए स्नेहा साहू को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, जो पूरे बहराइच जिले के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। वर्तमान में स्नेहा अपनी इस शैक्षणिक सफलता के बाद अहमदाबाद में उच्च पद पर कार्यरत हैं और वहीं से देश की सेवा कर रही हैं।

स्नेहा की इस शानदार सफलता पर उनके घर और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके पिता अविनाश चंद्र साहू ने बताया कि स्नेहा की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय बालिका विद्यालय मिहींपुरवा से शुरू हुई थी। उन्होंने बचपन से ही पढ़ाई के प्रति अटूट लगन दिखाई और इसी कड़े परिश्रम के बदौलत उन्होंने लखनऊ तक का सफर तय कर आज यह मुकाम हासिल किया है।

इस गौरवशाली अवसर पर संस्थान के प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकों और सहपाठियों ने स्नेहा साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि स्नेहा की यह कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट लगन आज के अन्य सभी विद्यार्थियों के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे संस्थान और बहराइच जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में बनेगा नया रिकॉर्ड, एक पेड़ मां के नाम अभियान से सीएम योगी का लक्ष्य- लगेंगे 35 करोड़ पौधे

 

संबंधित समाचार